Loading...

एनटीपीसी ने तीन महीने के सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 का शुभारंभ किया

 
Medha Pratiyogita 2026

 

नई दिल्ली, 24 अगस्त 2026:  एनटीपीसी लिमिटेड ने स्कोप कॉम्प्लेक्स, नई दिल्ली में तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 का शुभारंभ किया। रश्मिता झा, आईआरएस, मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) ने अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। यह अभियान 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सीवीओ ने नवीनीकृत कॉर्पोरेट सतर्कता इंट्रानेट पेज का भी अनावरण किया।

“सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम पर आधारित यह अभियान केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा निर्धारित पांच प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा जिनमें लंबित शिकायतों का निपटान, लंबित मामलों का निपटान, क्षमता निर्माण कार्यक्रम, डिजिटल पहल तथा संविदा प्रबंधन शामिल होंगे।

अपने संबोधन में सीवीओ ने सतर्कता अधिकारियों से अभियान के दौरान निवारक सतर्कता एवं आउटरीच कार्यक्रमों की पहुंच, गुणवत्ता और प्रभाव को बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने वाओ वॉलंटियर (VAW Volunteer) पहल के विस्तार की भी घोषणा की, जिसमें इस वर्ष विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों  की महिलाओं को जोड़ने पर ध्यान दिया जाएगा।

हितधारकों के साथ सहभागी एवं संवादात्मक जुड़ाव के महत्व पर जोर देते हुए सीवीओ ने कहा कि यह अभियान निवारक सतर्कता को पारंपरिक जागरूकता गतिविधियों से आगे ले जाकर नवीन पहलों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से स्थायी प्रभाव उत्पन्न करने का अवसर प्रदान करेगा।


सीवीओ ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान एनटीपीसी में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिकता की संस्कृति को और सुदृढ़ करेगा।

इस मौके पर, जी. राजा शेखर, सतर्कता प्रमुख,  ने अपने संबोधन में सतर्कता अधिकारियों से सत्यनिष्ठा एवं नैतिक आचरण के माध्यम से उदाहरण प्रस्तुत करने तथा अपने-अपने परियोजनाओं में अभियान के सच्चे ध्वजवाहक बनने का आह्वान किया।

एनटीपीसी लिमिटेड के बारे में

एनटीपीसी लिमिटेड भारत सरकार की महारत्न कंपनी और देश की सबसे बड़ी एकीकृत ऊर्जा कंपनी है, जिसकी स्थापित क्षमता 91 गीगावाट से अधिक है। कंपनी सतत ऊर्जा भविष्य की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रही है। एनटीपीसी का लक्ष्य 2032 तक 60 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करना है। कंपनी परमाणु ऊर्जा, बैटरी एनर्जी स्टोरेज, कार्बन कैप्चर और ग्रीन केमिकल्स जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में भी निवेश कर रही है।

Media Publishing Date
Back to Top