म्यांमार के माननीय राष्ट्रपति ने किया एनटीपीसी नेत्रा का दौरा, उन्नत स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों का लिया अवलोकन

ग्रेटर नोएडा, भारत, 31 मई 2026: म्यांमार के माननीय राष्ट्रपति महामहिम श्री मिन आंग ह्लाइंग ने आज एनटीपीसी लिमिटेड की अनुसंधान एवं विकास इकाई, एनटीपीसी एनर्जी टेक्नोलॉजी रिसर्च अलायंस (NETRA) का दौरा किया। उनके साथ म्यांमार के उच्च स्तरीय मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भी भाग लिया।
इस मौके पर एनटीपीसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री गुरदीप सिंह तथा एनटीपीसी नेत्रा के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक एवं प्रमुख श्री शाश्वतम सहित एनटीपीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
दौरे के दौरान महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रतिनिधिमंडल को एनटीपीसी की विकास यात्रा, म्यांमार में कंपनी की पूर्व गतिविधियों तथा वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन को समर्थन देने वाली अनुसंधान, नवाचार और स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों से जुड़ी पहलों के बारे में जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने नेत्रा की अत्याधुनिक इन-हाउस पायलट सुविधाओं का भी अवलोकन किया, जिनमें 4 मेगावाट / 1 मेगावाट-घंटा सौर माइक्रोग्रिड, 3 मेगावाट-घंटा वैनाडियम रेडॉक्स फ्लो बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली, ग्रीन हाइड्रोजन हब तथा कृषि एवं नगर ठोस अपशिष्ट गैसीकरण-से-विद्युत संयंत्र शामिल हैं। ये सुविधाएं टिकाऊ और उभरते ऊर्जा समाधानों के क्षेत्र में एनटीपीसी की प्रगति को प्रदर्शित करती हैं। महामहिम राष्ट्रपति ने एनटीपीसी की स्वच्छ ऊर्जा पहलों में विशेष रुचि दिखाई।
यह दौरा नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, ग्रीन हाइड्रोजन तथा टिकाऊ अपशिष्ट-से-ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा। साथ ही, इसने क्षमता निर्माण, प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान, नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार तथा टिकाऊ ऊर्जा समाधानों के विकास के माध्यम से ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त किया।